विदेशों से लौटने वाले अब ई-मेल से भी स्वास्थ विभाग में अपनी सेल्फ रिपोर्टिंग कर सकेंगे। शनिवार को पहले ही विदेश से लौटे 32 लोगों ने अपनी सूचना दी। स्वास्थ विभाग की टीमें रविवार से उनका सत्यापन और स्क्रीनिंग करेंगी। सभी लोगों को 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन में रखा जाएगा।
मुरादाबाद जिले में अब तक कुल 860 लोग विदेश यात्रा कर लौटे हैं। एयरपोर्ट अथोरिटी की सूची के आधार पर यात्रा से लौटने वालों का सत्यापन हो रहा है। सेल्फ रिपोर्टिंग के लिए सीएमओ कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसका नंबर 0591-2411224 है।
कई लोग सेल्फ रिपोर्टिंग करना तो दूर स्वास्थ्य विभाग की सर्विलांस टीमों के सत्यापन के लिए घर पहुंचने पर सहयोग नहीं कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे लोगों के खिलाफ महामारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी है। इसके बाद से लोग सूचनाएं दे रहे हैं। जिले में अब तक 105 लोगों ने कंट्रोल रूम को सेल्फ रिपोर्टिंग की है।
जिला एपेडिमोलॉजिस्ट अजीजुर्रहमान के मुताबिक शनिवार से ई-मेल की व्यवस्था भी सुचारु कर दी गई है। पहले ही दिन 32 लोगों ने ई-मेल के माध्यम से सेल्फ रिपोर्टिंग की है। लोगों ने अपने घर का पता और खुद के स्वस्थ होने एवं अन्य जानकारियां दी हैं। रविवार से टीमें इनके घर जाएंगी और स्क्रीनिंग करेंगी।