मुरादाबाद। पीतलनगरी और मुरादाबाद बस अड्डे पर रात में अवैध रूप से अनुबंधित बसें खड़ी रहती हैं। इसकी वजह से रात में आने-जाने वाली बसों को बस अड्डे पर लगाने के लिए जगह नहीं मिलती है। लेकिन परिवहन निगम के अधिकारियों की ओर से इन बसों पर कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। नियमानुसार संचालन से 30 मिनट पहले अनुबंधित बसों को बस अड्डे पर खड़ा करने का प्रावधान है।
मुरादाबाद और पीतलनगरी बस अड्डे से कम दूरी के रूट पर चलने वाली बसों का संचालन रात में बंद कर दिया जाता है। इनमें अनुबंधित बसें भी शामिल हैं। सबसे अधिक पीतलनगरी बस अड्डे पर 50 अनुबंधित बसें अवैध रूप से खड़ी रहती हैं। जबकि इन बसों को रात भर बस अड्डे पर खड़ा करने का कोई प्रावधान नहीं है। अनुबंधित बसों को खड़ा करने से रात में लंबी दूरी के रूट की आने-जाने वाली बसों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बसों को खड़ा करने के लिए बस अड्डे पर जगह नहीं मिलती है। बस अड्डा इंचार्ज चंद्रभान सिंह ने बताया कि पीतलनगरी बस अड्डे पर रात में अनुबंधित बसें खड़ी रहती है। इन बसों पर कार्यवाही करने के लिए एआरएम को पत्र भी लिख चुके हैं। एआरएम प्रेम सिंह का कहना है कि अनुबंधित बसों को सुबह रूट पर जाना होता है। इसलिए इन्हें रात में बस अड्डे पर खड़ा करना पड़ता है। हालांकि कुछ अनुबंधित बसें ही बस अड्डे पर खड़ी होती हैं।