मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने शादी के बीस साल बाद दूसरा निकाह कर लिया। पहली पत्नी ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मझोला थाना क्षेत्र के पीर का बाजार जयंतीपुर रोड निवासी नरगिस ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 20 साल पहले उसका निकाह शमीम के साथ हुआ था। दंपती के छह बच्चे हैं। नरगिस ने बताया कि वह गर्भवती भी है। बावजूद इसके 31 मई की रात करीब आठ बजे उसका पति सिमरन नाम की महिला को घर ले आया और कहा कि मैंने इससे निकाह कर लिया है। यह अब मेरी पत्नी है।
नरगिस ने इसका विरोध किया तो आरोपी पति शमीम ने उसके साथ मारपीट की। शमीम के भाई नदीम और मां मिसकीन ने भी उसका साथ दिया। आरोप है कि शमीम ने उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पीड़िता का आरोप है कि पति के दोस्त इमरान ने भी उसे जान से मारने की धमकी दी है।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी पति शमीम, उसकी मां मिसकीन, भाई नदीम और दोस्त इमरान के खिलाफ मारपीट, धमकी देने और तीन तलाक में रिपोर्ट दर्ज की गई है।