बिलारी। श्यामपुर भूड़ी गांव में निजी नलकूप की लाइन की खराबी ठीक करते समय करंट से एक संविदा विद्युत कर्मी गंभीर रूप से झुलस गया। इस मामले में संविदा कर्मी और एसएसओ ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं।
जरगांव विद्युत उपकेंद्र पर चेतेंद्र सिंह और लल्लू सिंह संविदा लाइनमैन के रूप में कार्यरत है। बुधवार सुबह वे श्यामपुर भूड़ी गांव में एक निजी नलकूप की विद्युत लाइन की खराबी ठीक करने गया था। काम शुरू करने से पहले लाइनमैन चेतेंद्र सिंह ने एसएसओ राजेंद्र सिंह से बिजली बंद करने की अनुमति ली थी। जैसे ही चेतेंद्र सिंह विद्युत पोल पर चढ़ा, उसे करंट लग गया और वह झुलस कर नीचे गिर गया। साथी लल्लू सिंह ने उपकेंद्र को घटना की सूचना दी और घायल चेतेंद्र सिंह को उपचार के लिए सीएचसी बिलारी ले गए।
प्राथमिक उपचार के बाद चेतेंद्र सिंह को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। विद्युत उपखंड के एसडीओ ने सीएचसी पहुंचकर संविदा कर्मी से घटना की जानकारी जुटाई। लल्लू सिंह ने आरोप लगाया कि एसएसओ ने जिस फीडर की बिजली बंद करने का अनुरोध किया था, उसकी विद्युत आपूर्ति नहीं रोकी। एसडीओ विद्युत ने एसएसओ से जानकारी ली। एसएसओ ने बताया कि जिस फीडर की बिजली बंद करने का अनुरोध किया गया था, उसी की बिजली बंद की गई।
एसडीओ आलोक कुमार ने बताया कि इस मामले की जांच करने पर पता चला कि संविदा विद्युत कर्मी द्वारा विद्युत उपकेंद्र पर एसएसओ से शटडाउन लेने के लिए फीडर का नाम गलत बता दिया। फिलहाल संविदा विद्युत कर्मी चेतेंद्र सिंह का विशेष उपचार कराया जा रहा है। संवाद