मुरादाबाद। ऑल इंडिया इलेक्ट्रिसिटी कंज्यूमर्स एसोसिएशन ने बिजली संशोधन बिल के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि यह बिल उपभोक्ताओं के हित में नहीं है। इस बिल से कारपोरेट जगत के हितों का फायदा होगा। प्रधानमंत्री को इस बिल को वापस लेना चाहिए।
ऑल इंडिया इलेक्ट्रिसिटी कंज्यूमर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कलक्ट्रेट पर मंगलवार को संसद में पेश बिजली संशोधन बिल 2025 के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि इस बिल के प्रावधान वास्तव में बिजली उपभोक्ताओं के हितों के खिलाफ प्रतीत होते हैं। यह असल में पावर सेक्टर के जन उपयोगी चरित्र को खत्म करने की कोशिश करता है। प्रस्तावित बदलाव विद्युत अधिनियम 2003 का उल्लंघन करते हैं। इसमें उपभोक्ताओं के हितों को सुरक्षित रखने की जगह व्यापारिक लाभ को प्राथमिकता दी गई है। बिजली कोई लग्जरी चीज नहीं है। यह बिल मुनाफा पर चलने वाले मार्केट में बदलने का खतरा पैदा करता है। यह बिल आम नागरिकों, किसानों की कीमत पर कॉर्पोरेट हितों को फायदा पहुंचाएगा। यह बिल विद्युत वितरण क्षेत्र में कॉरपोरेट के प्रवेश को सरल बनाएगा। प्रदर्शन में विजयपाल सिंह, उमर फारूक, मोहम्मद ताहिर, कामता प्रसाद, सत्यपाल सिंह, गजराम सिंह, इस्लाम अली, साहिल शम्सी, मोनू आदि माैजूद रहे।