मुरादाबाद। भारतीय संविधान के किस अनुच्छेद में संघ की कार्यकारी शक्ति राष्ट्रपति में निहित होती है जैसे संविधान के प्रश्नों से पीईटी की परीक्षा में परीक्षार्थियों के ज्ञान को परखा गया। इतना ही नहीं भारत का संविधान पहली बार 1982 में किसके द्वारा तैयार किया गया। लेखकजी को प्राणि विज्ञानियों की कौन सी बात याद आती है जैसे सवाल भी अभ्यर्थियों से पूछे गए। वहीं पीईटी में अभ्यर्थियों को हिंदी के सवाल आसान लगे।यूपीएसएसएससी पीईटी-2025 शनिवार को 52 केंद्रों पर दो पॉलियों में आयोजित की गई। परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। सुबह 8.30 बजे से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थी पहुंचने लगे। सुबह की पाली 10 बजे से 12 बजे तक और दोपहर की पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक रही। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए। परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों की पहचान स्कैनिंग के जरिए हुई। अभ्यर्थियों का कहना है कि पीईटी की परीक्षा में हिंदी के प्रश्न आसान रहे। जबकि संविधान और गणित के कुछ सवालों ने उलझा कर रख दिया। गणित के सवालों को हल करने में ज्यादा समय लगा।
00
10523 अभ्यर्थियों ने छोड़ी पीईटी
- मुरादाबाद में 95712 अभ्यर्थी पीईटी के लिए पंजीकृत हैं। पहले दिन 10523 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसमें पहले पॉली के 5282 और दूसरी पॉली के 5241 अभ्यर्थी शामिल हैं। वहीं, परीक्षा में 37374 अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई है। पहले दिन पीईटी में 47856 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। रविवार को भी परीक्षा आयोजित की जाएगी।
00
शिक्षकों बैठने की नहीं दी कुर्सी, हुई परेशानी
- स्प्रिंगफील्ड पब्लिक स्कूल में पीईटी के दौरान परीक्षा ड्यूटी में तैनात शिक्षकों के बैठने के लिए कुर्सी की व्यवस्था नहीं की गई। इससे शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शिक्षकों ने बताया कि पीईटी के दौरान कई घंटे खड़ा रहना पड़ा। कुर्सियां मांगने पर प्रधानाचार्य द्वार अपमानजनक ढंग से व्यवहार किया गया। जो शिक्षिका स्प्रिंगफील्ड कॉलेज की थीं वह दिनभर दरवाजे पर खड़ी होकर बात करती रहीं लेकिन उनके ऊपर कोई कार्यवाही नहीं की गई। इसको लेकर डीआईओएस से शिकायत की गई है। डीआईओएस देवेंद्र कुमार पांडेय का कहना है कि कुर्सियां उपलब्ध कराने के लिए प्रधानाचार्य से कर दिया गया है। रविवार को परीक्षा के दौरान कोई समस्या नहीं आएगी।
00
लखीमपुर खीरी समेत अन्य जिलों से 250 प्राइवेट बसों से परीक्षा देने आए अभ्यर्थी
मुरादाबाद। लखीमपुर खीरी, बस्ती, अयोध्या समेत अन्य जिलों से 250 प्राइवेट बसों से अभ्यर्थी पीईटी देने मुरादाबाद आए। सभी बसें रामपुर दौराहा से लेकर जीरो प्वाइंट तक खड़ी रहीं। जिन बसों से अभ्यर्थी आए वह उन्हीं में बैठकर वापस चले गए। बुध बाजार, कघटर, दिल्ली रोड, कांठ रोड से अभ्यर्थियों को रामपुर दौराहा तक जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अभ्यर्थियों से ऑटो, ई-रिक्शा चालकों ने कटघर से रामपुर दौराहा तक का 50 रुपये किराया लिया। रामपुर दौराहा पर पहुंचने के बाद बसों में बैठने के लिए अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ब्यूरो
00
अभ्यर्थियों ने कहा
-पेपर का पैटर्न और प्रश्नों की प्रकृति ठीक थी। लेकिन संविधान समेत कुछ टॉपिक से प्रश्न कम आए। गणित में चार्ट के प्रश्न को हल करने में अधिक समय लगा। इसलिए समय को लेकर थोड़ी समस्या आई।-अखिलेश राजपूत, बस्ती
- हिंदी और सामान्य अध्ययन के प्रश्न ठीक आए। इन प्रश्नों को हल करने में अधिक समय नहीं लगा। लेकिन गणित के कुछ सवालों ने उलझाया।- पंकज कुमार, लखीमपुर खीरी
- हिंदी और सामान्य अध्ययन के प्रश्न आसान रहे। इन्हें हल करने में ज्यादा समय नहीं लगा। 30 से 35 प्रश्न ऐसे थे, जिन्हें हल करने में काफी परेशानी हुई। गणित के प्रश्नों को हल करने में अधिक समय लग गया।-कपिल अर्खवंशी, लखीमपुर खीरी