मुरादाबाद। चकबंदी के लंबित वादों के निस्तारण के लिए चकबंदी अधिकारियों ने शुक्रवार को दो गांवों में चौपाल लगाकर समस्याएं सुनी। गुण दोष के आधार पर अधिकारी वादों का निस्तारण करेंगे।
चकबंदी विभाग के उप संचालक ओमप्रकाश अंजोर ने ग्राम पीपली अहीर एहतमाली तहसील ठाकुरद्वारा में शुक्रवार को चौपाल लगाई। यहां कुछ किसानों ने बताया कि चकबंदी अधिकारी तृतीय के न्यायालय में जोत चकबंदी अधिनियम की धारा- 9क (2) से संबंधित कुछ वाद पत्रावलियां लंबित हैं। इस संबंध में चकबंदी अधिकारी ने वादों की सुनवाई करते हुए गुण-दोष के आधार पर यथा शीघ्र निस्तारण करने का निर्णय लिया। चकबंदी अधिकारी ने बताया कि गांव में निर्विवाद वरासत, पुराने निर्वावाद बैनामों को शीघ्र निस्तारित कराया जाएगा। चकबंदी प्रक्रिया से किसी प्रकार की कोई समस्या है तो ग्रामीण किसी भी कार्य दिवस में उपस्थित होकर अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं। ग्राम बढ़ेरा तहसील ठाकुरद्वारा में धारा-10 का प्रकाशन हो चुका है। चकबंदी अधिकारी ने स्वत्व एवं विनिमय अनुपात निर्धारण के संबंध में प्राप्त आपत्तियों और विभाजन विषयक पारित आदेशों के विरुद्ध प्राप्त प्रार्थना पत्र की सुनवाई के लिए ग्राम चौपाल लगाई गई। यहां गाटा संख्या 302 /1 का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया। उपस्थित कृषकों से निर्विवाद विरासत के प्रकरणों के संबंध में चकबंदी अधिकारी से बातचीत की। सहायक चकबंदी अधिकारी ने लेखपाल को मौके पर जाकर प्रकृति के विरासत के प्रकरणों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।