मुरादाबाद। आवासीय सोसायटी में बिल्डरों, आरडब्लूए द्वारा मनमाना बिजली बिल वसूलने की शिकायत पीवीवीएनएल मुख्यालय पहुंची। अब विद्युत निगम हर सोसायटी में जाकर लोगों से संपर्क करेगा और उन्हें अलग कनेक्शन देगा। इसके लिए सोसायटी में कैंप लगाए जाएंगे।
मुरादाबाद में आकाश रेजीडेंसी, पेसिफिक स्टार होम्स, गौर ग्रेसियस, इंपीरियल ग्रीन्स, अरन्या सिग्नेचर आदि सोसायटी में नागरिक मंहगी दरों से बिल दे रहे हैं। जनरेटर का शुल्क 25 रुपये प्रति यूनिट तक वसूला जा रहा है। लोगों का कहना है कि ज्यादातर समय बिजली गायब रहती है। मजबूरन जनरेटर का सहारा लेना पड़ता है। कुछ नागरिक प्रति माह 12 हजार रुपये तक चुका रहे हैं। विद्युत निगम का कहना है कि नागरिकों को साढ़े 5 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बिजील दी जाएगी। इससे हर महीने सैकड़ों रुपये की बचत नागरिकों को होगी। अधीक्षण अभियंता संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि हर सोसायटी में सर्वे कराया जा रहा है। प्रतिमाह 600 यूनिट खर्च करने पर आरड्ब्लूए का बिल 5225 रुपये बनता है। इसमें जमनरेटर का शुल्क शामिल नहीं है। जबकि विद्युत निगम से कनेक्शन लेने पर 600 यूनिट प्रतिमाह खर्च करने पर 4399 रुपये का बिल बनेगा। यह एक उदाहरण है, इस तरह हर महीने नागरिक मंहगे बिल से छुटकारा पा सकेंगे। एसई ने बताया कि 27 दिसंबर से कैंप शुरू करा दिए जाएंगे।