मुरादाबाद। प्रदेश में पांच हजार प्राथमिक स्कूलों के विलय के विरोध में कांग्रेसियों ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए इस फैसले को जनविरोधी करार दिया। साथ ही ज्ञापन साैंपकर राज्यपाल से निर्णय को रद्द करने की मांग की।
जिला एवंं महानगर इकाई से जुड़े कांग्रेसी बृहस्पतिवार की दोपहर जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कम छात्र संख्या का हवाला देकर स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया है। यह जनविरोधी फैसला है। महानगर अध्यक्ष जुनैद इकराम ने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा के अधिकार में भी दखल दे रही है और निजीकरण को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है। स्कूलों को बंद करना गरीबों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
उपाध्यक्ष अमीरुल हसन जाफरी ने कहा कि स्कूलों को बंद करना गरीबों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। इस दौरान कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ने अपर नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान अजय सारस्वत सोनी, पूर्व महानगर अध्यक्ष अनुभव मेहरोत्रा, शिवराज गुर्जर, अनुराग शर्मा, अशोक कपूर, फहीम मिर्जा, पार्षद शमशेर अली आदि मौजूद रहे।