निर्माण कार्य को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर ने शहर के एक कपड़ा व होटल व्यवसायी पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं पूर्व पार्षद व कपड़ा, होटल व्यवसायी ब्रजभूषण धमीजा उर्फ नीटा धमीजा ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष पर चौथ वसूली के लिए उनके निर्माणाधीन भवन पर जाकर स्टाफ को धमकाने, चौथ वसूली के लिए निर्माण कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष व उनके एक साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के कोठीवाल नगर निवासी एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर ने थाना कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि कोतवाली थाना क्षेत्र के मालवीय नगर निवासी ब्रजभूषण धमीजा उर्फ नीटा धमीजा द्वारा कोहली भवन को खरीदा गया है और उस पर अवैध व्यावसायिक प्रतिष्ठान बना कर बेचने का कार्य किया जा रहा है। जिसका न्यू खुशहालपुर क्षेत्रवासियों द्वारा विरोध करते हुए इसकी शिकायत मुरादाबाद विकास प्राधिकरण में भी की है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बताया कि उन लोगों ने उनके आवास पहुंच कर भी इसकी शिकायत करते हुए मदद की मांग की। इस उन्होंने मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से इसकी शिकायत की। जिसके बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बताया कि रात्रि करीब 8:30 बजे अपने शोरूम पर पूजा कर रहे थे उसी समय उनके मोबाइल पर नीटा धमीजा की चार मिस्डकॉल आई। पूजा के बाद उन्होंने जब वापस फोन किया तो नीटा धमीजा ने उन्हें दीवाली से पहले जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।
मुझे झूठे मुकदमे में फंसा रहे हैं जिलाध्यक्ष, नीटा धमीजा
नीटा धमीजा ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि खुशहाल नगर स्थित अपने भवन की वह मरम्मत आदि का काम करा रहे हैं। आरोप है कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर, वीरेंद्र व हैप्पी सिंह उनकी गैरमौजूदगी में उनके मकान पर आए और बल्लियां आदि गिरा दीं।
वहां कार्य देख रहे स्वर्ण सिंह ने उनसे ऐसा करने का कारण पूछा तो वह गाली गलौज करने लगे। कहा कि इस क्षेत्र में उनकी मर्जी के बिना कोई काम नहीं होता। धमीजा की बिल्डिंग नहीं बनने देंगे। नीटा धमीजा ने बताया कि बाहर से आने के बाद जब उन्होंने कांग्रेस जिलाध्यक्ष से बात की तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। वीरेंद्र को घर भेजा जिसने तीन लाख रुपये देने के बाद ही मकान बनने देने की बात कही। मना करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए चले जाने का भी आरोप लगाया।
नीटा धमीजा का आरोप है कि उसके बाद से लगातार चौथ वसूली व जान से मारने की धमकी के फोन आ रहे हैं। पुलिस ने नीटा धमीजा की तहरीर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर उनके साथी वीरेद्र व हैप्पी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।