कोर्ट रोड पर बुधवार को कांठ की एक युवती को लेकर उसके परिजनों और प्रेमी के गांव के लोगों में अपने साथ ले जाने को लेकर खींचतान हुई। इस दौरान लोगों की भीड़ लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई।
कांठ निवासी एक युवती का गांव पसियापुर पदार्थ निवासी युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। बुधवार को युवती प्रेमी से मिलने उसके गांव पसियापुर पदार्थ पहुंच गई। जानकारी होने पर युवती के परिजन भी पीछे-पीछे आ गए। पहले उनमें गांव में ही युवती को अपने साथ ले जाने को लेकर खींचतान हुई। इसके बाद युवती के परिजन उसको लेकर थाने आ रहे थे। इससे पहले ही उन्हें प्रेमी, उसके गांव वालों ने कोतवाली के बाहर कोर्ट रोड पर रोक लिया। दोनों पक्षों में खींचतान होने लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। शाम को पुलिस ने दोनों पक्षों को सुना।
प्रेमी ने बताया कि उसकी उसकी मुलाकात एक वर्ष पूर्व उत्तराखंड के ढकिया नंबर एक काशीपुर में देवी जागरण में हुई थी। वह वीडियो बनाने का काम करता है। तब से दोनों में प्रेम प्रसंग चल रहा है। युवती उससे शादी करना चाहती है, लेकिन युवती के परिवार वाले इसका विरोध कर रहे हैं। दोनों पक्षों को सुनने के बाद इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार ने कहा कि मामला कांठ थाना क्षेत्र का है। युवती के परिजनों ने इस बारे में वहां शिकायत कर रखी है। जिसकी सूचना कांठ पुलिस को दे दी गई है।