मुरादाबाद। मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती संभल के सपा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क की हालत में सुधार हो रहा है। सांसद का हाल जानने के लिए अस्पताल पर जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है।
संभल के सपा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क के पौत्र कुंदरकी के सपा विधायक जियाउर्रहमान बर्क ने बताया कि दादा की हालत में पहले से काफी सुधार हुआ है। डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। विधायक ने अपने दादा सांसद डॉ. बर्क के स्वास्थ्य का हाल जानने अस्पताल आए सभी नेताओं, विधायकों, क्षेत्र के सभी लोगो की हमदर्दी के प्रति आभार जताया है।
मुलाकात करने वालों में अमरोहा सांसद कुंवर दानिश अली, कांठ विधायक कमाल अख्तर, किठोर विधायक शाहिद मंजूर, असमोली विधायक पिंकी यादव, बिलारी विधायक फहीम इरफान, पूर्व विधायक हाजी इकराम कुरैशी, पूर्व विधायक अकीलुर्रहमान, पूर्व मंत्री हाजी अकबर हुसैन, तरन्नुम अकील, विमलेश कुमारी, कांग्रेस नेता रिजवान कुरैशी, मुशीर चौधरी, मुरादाबाद सपा जिला अध्यक्ष डीपी यादव, पूर्व मंत्री जुगल किशोर, पूर्व मंत्री जयवीर यादव, लखन सिंह सैनी आदि नेता शामिल रहे।