मुरादाबाद में एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती युवती के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। जिले के कटघर थाना क्षेत्र में कोहिनूर तिराहे के पास स्थित अस्पताल कंपाउंडर ने युवती के साथ छेड़खानी की। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है । अस्पताल के कंपाउंडर ने पहले तो युवती से उसका मोबाइल नंबर मांगा। जब युवती ने नंबर देने से मना कर दिया तो कल फिर आने की बात कहकर कंपाउंडर चला गया।
अगले दिन रात में कंपाउंडर साहिल आईसीयू में भर्ती युवती के साथ छेड़खानी करने लगा। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी कंपाउंडर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां फरार हो गया। बता दें कि युवती की तबीयत खराब होने पर 21 सितंबर की रात को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं कटघर थाना प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 और 506 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।