मुरादाबाद। डिप्टी सीएमओ डॉ. संजीव बेलवाल पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कुंदरकी विधायक ने समन्वय समिति की बैठक में मुद्दा उठाया। इसके बाद स्वास्थ्य निदेशालय से डिप्टी सीएमओ की संपत्ति की जांच का जिम्मा एडी हेल्थ डॉ. आशु अग्रवाल को सौंपा गया है। रविवार को एडी हेल्थ ने इस मामले में जांच कमेटी गठित कर दी है। विभाग के वरिष्ठ डॉक्टरों को कमेटी में सदस्य बनाया गया है।
कमेटी को 28 दिन में जांच पूरी कर इसकी रिपोर्ट देनी होगी। दूसरी ओर प्रभारी एडी हेल्थ डॉ. आशु अग्रवाल नौ फरवरी से छुट्टी पर जा रहे हैं। उनके स्थान पर सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह को प्रभार सौंपे जाने की विभाग में चर्चा है। हालांकि सीधे तौर पर किसी ने इसकी पुष्टि नहीं की है। दूसरी ओर पिछले कई दिनों से डिप्टी सीएमओ के खिलाफ मोर्चा खोलने वाला ओटी अटेंडेंट लक्ष्मण सिंह फिर चर्चा में आ गया है। लक्ष्मण ने भी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से मिलकर डिप्टी सीएमओ की संपत्ति की जांच की मांग की थी। उसका दावा है कि मुरादाबाद में 500 से ज्यादा झोलाछापों की सूची उसके पास है। आरोप है कि इन सभी से विभागीय अधिकारी वसूली करते हैं और संरक्षण देते हैं। एडी हेल्थ का कहना है कि जांच के बाद मामला स्पष्ट हो जाएगा।