ठाकुरद्वारा। थाना डिलारी के गांव काजीपुरा निवासी कक्षा चार के छात्र बुधवार को रामगंगा नदी में बह गया। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की। बृहस्पतिवार को उसका शव बरामद हुआ है।
गांव निवासी जिले हसन का परिवार बुधवार को दोपहर जंगल में अपने खेतों में गेहूं की बोआई कर रहा था। तभी उनका पुत्र इस्माइल ( 11) परिजनों के पास खेत पर चल पड़ा। वह रामगंगा नदी से निकल रहा था तभी गहरे पानी में समा गया। काफी देर बाद तक जब इस्माइल घर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश की तो उसकी चप्पल नदी के किनारे मिली। इस पर परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से उसकी नदी में तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चल सका। बृहस्पतिवार को फिर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश की तो उसका शव नदी से बरामद हो गया। राजस्व निरीक्षक संजय सिंह और लेखपाल रिजवान ने इस्माइल का शव नदी से मिलने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि परिजनों ने इस्माइल का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। बाद में गमगीन माहौल में छात्र का शव दफन कर दिया गया। इस्माइल की मौत से उसके पिता, मां भूरी सहित सभी परिजन बेहद दुखी हैं। वह अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था।