कांठ। क्षेत्र के गांव सलेमपुर खास निवासी संजय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका बेटा तुषार यादव (15) नगर के दयानंद इंटर कॉलेज में 11 वीं कक्षा में पढ़ता है। बृहस्पतिवार को वह कांठ नगर के मोहल्ला फकीरगंज निवासी भानू प्रताप सिंह के पास ट्यूशन पढ़ने के लिए आया था। ट्यूशन के बाद वह परिवार के ही हर्ष की स्कूटी पर बैठकर गांधी आश्रम चौराहा तक आया। यहां वह स्कूटी से उतर कर रेलवे स्टेशन जाने को कह कर चला गया। इसके बाद हर्ष दूसरी जगह ट्यूशन पढ़ने चला गया। जब तुषार शाम तक भी घर नहीं पहुंचा तो परिवार वालों को चिंता हुई। उन्होंने व गांव वालों ने उसकी काफी तलाश की। लेकिन कोई पता नहीं लग पाया। छात्र के लापता होने से परिवार वाले चिंतित हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात में एफआईआर दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू कर दी है।