मंडी धनौरा(अमरोहा)। खेत से चारा लेकर आ रही महिला के साथ विवाद होने पर थाना क्षेत्र के गांव नादनौर माफी में जातीय संघर्ष हो गया। निकटवर्ती गांव बेरखेड़ा के ग्रामीणों ने नादनौर माफी में जाकर महिला के घर पर हमला कर दिया। दोनों ओर से जमकर लाठी डंडे व पथराव हुआ। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस पर भी हमला कर दिया गया। पुलिस ने किसी तरह स्वयं को बचाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने दोनों पक्षों के 11 लाेगों व 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा व सरकारी काम में बाधा आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि नादनौर माफी की एक महिला सोमवार की शाम चारा लेकर आ रही थी। इस दौरान ग्राम बेरखेड़ा निवासी एक युवक से चारे का बंडल टकरा गया। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई थी। उपनिरीक्षक रवि कुमार द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक ग्राम प्रधान पति भगवंत सैनी ने सूचना दी थी कि निकटवर्ती गांव बेरखेड़ा के अनुसूचित जाति के 20-25 लोगों ने सैनी समाज के मोहल्ले में महेश सैनी के घर पर हमला बोल दिया है। महेश महिला का पति है। दोनों ओर से लाठी डंडे व पथराव हो रहा है।
सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक रवि कुमार मय फोर्स के तत्काल मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों की ओर पथराव हो रहा था। उपनिरीक्षक रवि कुमार का कहना है कि पुलिस ने उन्हें समझाना चाहा तो हमलावरों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। उन्होंने किसी तरह स्वयं को बचाया। थाने से अतिरिक्त पुलिस बुला कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। झगड़े में दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हुए हैं।
पुलिस ने ग्राम नादनौर माफी निवासी एक पक्ष के दुष्यंत, बबलू, चंद्रप्रकाश, राकेश, महेश, प्रेमवती व इस पक्ष के 20-30 अज्ञात जबकि दूसरे पक्ष के चंद्रशेखर, दिनेश, मनीश, सौरभ, रेखा व 20-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, सरकारी काम में बाधा, जान से मारने की धमकी, पुलिस के साथ मारपीट आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दोनों पक्षों के बीच लाठी डंडों से संघर्ष होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस पर भी झगड़ा कर रहे लोगों ने हमला कर मारपीट की। इस तरह की घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने दोनों पक्षों के 11 लोगों के खिलाफ नामजद व 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
-श्वेताभ भास्कर, सीओ धनौरा
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया
मंडी धनौरा। पुलिस ने ग्राम नादनौर माफी व बेरखेड़ा के दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष व अपने ऊपर किए गए हमले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। थानाध्यक्ष निशांत राठी ने बताया कि महेश पुत्र रामपाल निवासी नादनौर माफी, महेश के पुत्र राजेश व सौरभ पुत्र राजकुमार निवासी ग्राम बेरखेड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है। संवाद
-