फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: शहरवासियों को जल्द मिलेगा आभासी दुनिया का रोमांच

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। शहरवासियों को भूलभुलैया के बाद अप्रैल से 5-डी मोशन थिएटर की सौगात मिलने जा रही है। थिएटर में शहरवासियों को आभासी दुनिया का रोमांच देखने को मिलेगा। स्क्रीन पर चल रहे नजारे को लोग महसूस कर सकेंगे और उन्हें ऐसा लगेगा मानो वह खुद उस स्क्रीन के दृश्य का हिस्सा हों।
विज्ञापन

नगर निगम के इस प्रोजेक्ट का काम लगभग पूरा हो चुका है। 5-डी मोशन थिएटर का निर्माण कंपनी बाग स्थित चिल्ड्रेन पार्क में हुआ है। यहीं, भूलभुलैया भी है। भूलभुलैया से निगम को तीन महीने में ही 30 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है। अब 5-डी मोशन थिएटर से भी निगम की आय बढ़ेगी। इस तरह का थिएटर सिर्फ लखनऊ में ही है। मुरादाबाद में प्रदेश का दूसरा 5-डी मोशन थिएटर बना है। लखनऊ में 5-डी मोशन थिएटर का निर्माण करने वाली कंपनी ही मुरादाबाद में भी काम कर रही है।
थिएटर के निर्माण में नगर निगम ने करीब 4.25 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इसमें 5-डी मोशन तकनीक की 48 कुर्सियां लगाई जाएंगी। पहले चरण में आठ कुर्सियां इसी सप्ताह लग जाएंगी, जिसके बाद इसका उद्घाटन करा दिया जाएगा। 15 दिनों के भीतर सभी बाकी कुर्सियां लगने के बाद इसका संचालन शुरू करा दिया जाएगा।
विज्ञापन



12 मिनट के शो में खो जाएंगे दर्शक
5-डी मोशन थिएटर में लगभग 12 मिनट का एक शो दिखाया जाएगा। शो को देखने के लिए लोगों को 5-डी चश्मे की जरूरत पड़ेगी, जो उन्हें थिएटर में ही उपलब्ध कराया जाएगा। इस चश्मे को लगाने के बाद वह आसपास की चीजों को नहीं देख सकेंगे और सीधे पर्दे से कनेक्ट हो जाएंगे। जैसे-जैसे शो आगे बढ़ेगा लोग उसकी गतिविधियों का वास्तविक अहसास कर सकेंगे। कुर्सियां भी शो से ऑटोमेटिक कनेक्ट रहेंगी। जैसे दृश्य में तेज हवा चलेंगी या बारिश होगी तो कुर्सी पर बैठे दर्शक को भी तेज हवा महसूस होगी और बारिश की बूंदों का भी अहसास होगा। शो में ट्रेन या बस चलेगी तो लगेगा दर्शक खुद ही ट्रेन या बस में है। शो को इस तरह से तैयार किया जाएगा, जिसमें लोगों को हंसने का भी मौका मिलेगा और डर भी पैदा होगा। 12 मिनट का यह शो भरपूर मनोरंजन देने वाला होगा।
-
100 रुपये होगा किराया
नगर निगम ने अभी 5-डी मोशन थिएटर के लिए किराया निर्धारित नहीं किया है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि इसकी कीमत 100 रुपये तक ही रखी जाएगी। इससे आम लोग भी आसानी से थिएटर का आनंद ले सकेंगे। एक शो में कुल 48 लोग शामिल हो सकेंगे, जिससे एक ही शो से निगम को 4800 रुपये की कमाई हो सकेगी। थिएटर को सुबह दस से रात आठ बजे तक खोला जा सकेगा। इस दाैरान लोगों की संख्या के हिसाब से शो तय किए जाएंगे।
-
मुख्यमंत्री कर सकते हैं उद्घाटन
अप्रैल के पहले सप्ताह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर आने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में नगर निगम ने इस 5-डी मोशन थिएटर का काम युद्ध स्तर पर पूरा करने में जुटा है। अधिकतर काम पूरा हो चुका है। अधिकारियों का दावा है कि अगर मुख्यमंत्री शहर में आते हैं तो उनसे ही थिएटर का उद्घाटन करा दिया जाएगा।
-
5-डी मोशन थिएटर का काम लगभग पूरा हो चुका है। इसी सप्ताह आठ सीटें लग जाएंगी, जिसके बाद इसका ट्रायल और उद्घाटन कराया जाएगा। उम्मीद है कि 15 अप्रैल से थिएटर संचालित होने लगेगा। यह शहरवासियों के लिए एडवेंचर की सबसे शानदार जगह होगी। - दिव्यांशु पटेल, नगर आयुक्त
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें