मुरादाबाद। होली त्योहार को शांति पूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। महानगर को सात जोन और 13 सेक्टर में बांट कर पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर महानगर को सात जोन और 13 सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी सीओ और सेक्टर की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर को दी गई है। दिन शहर में जगह-जगह बैरियर लगाकर चेकिंग की जा रही है। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। थानों की पुलिस, तीन सौ अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा पैरामिलिट्री फोर्स के जवान, पीएसी की एक कंपनी और दो प्लाटून लगाई गई हैं। एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि सभी थाना प्रभारी और सीओ को अलर्ट किया गया है। सभी अधिकारी फोर्स के साथ अपने अपने क्षेत्रों में भ्रमण पर रहेंगे।