कटघर थाना क्षेत्र के देहरी गांव निवासी गोविंद राम ने बताया कि 17 अगस्त की रात करीब साढ़े आठ बजे मंदिर परिसर से पंडित खिम्मानंद तिवारी का मोबाइल चोरी हो गया था। उन्होंने मंदिर कमेटी के अध्यक्ष शिवचरन प्रजापति और अन्य के साथ सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की। जिससे पता चला कि देहरी गांव निवासी राधेश्याम ने मोबाइल चोरी किया है। राधेश्याम को बुला कर उससे मोबाइल चोरी के बारे में जानकारी की। आरोप है कि वह भड़क गया और वह धमकाने लगा। शुक्रवार शाम करीब सात बजे वह मंदिर में मौजूद थे। इस दौरान राधेश्याम अपने भाई रवि, विनय, रघुवीर और 6-7 अज्ञात लोगों के साथ पहुंच गया और उसने मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने तमंचा तानकर गोली मारने की धमकी दी। कटघर थाना प्रभारी राजेश सिंह सोलंकी ने बताया कि चार नामजद और सात अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।