दिल्ली हाईवे पर स्थित होटल ड्राइव इन 24 में सूटबूट में पहुंचे एक चोर ने अतिथि बनकर दो लाख रुपये कीमत का कैमरा चुरा लिया। इसके बाद सैकड़ों लोगों का चकमा देकर आसानी से होटल से निकल गया। इस संबंध में कैमरामैन ने मझोला थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
आरोपी की तस्वीर होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। चोर की तलाश में पुलिस जुटी है, आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जयपुर के अरावली पथ मानसरोवर निवासी मृणाल माथुर कैमरामैन हैं। वह सोमवार को जयपुर की एक फैमिली के साथ शादी समारोह को कवर करने के लिए दिल्ली रोड स्थित होटल ड्राइव इन 24 में आए थे।
लड़की पक्ष जयपुर का रहने वाला है, जबकि लड़का पक्ष मुरादाबाद का ही है। रात करीब साढे़ सात बजे एक युवक सूटबूट में होटल पहुंचा और रिसेप्शन पर खुद को अतिथि बताकर मृणाल माथुर के रूम के बारे में जानकारी ली। रिसेप्शन पर मौजूद स्टाफ ने बताया कि दूसरे तल पर मृणाल ठहरे हैं, वह वहां पर पहुंचा।
कमरे में मृणाल मौजूद नहीं थे, आरोपी ने वहां पर मौजूद महिलाओं से कहा कि मृणाल ने कैमरा मंगवाया है। दुल्हन की एक रिश्तेदार महिला ने आरोपी को कैमरा दे दिया, जिसके बाद वह कैमरा लेकर होटल से निकल गया।
कुछ देर बाद जब मृणाल खुद कैमरा लेने कमरे में पहुंचा तो उसे घटना का पता चला। मामले की शिकायत पुलिस से की गई। सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर आरोपी की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, पुलिस ने मृणाल की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।