मुरादाबाद। चिट फंड कंपनी खोलकर जालसाजों ने लोगों को रकम दोगुनी करने का झांसा देकर उनकी गाढ़ी कमाई जमा कर ली। पैसा लौटाने का वक्त आया तो आरोपी अपना बोरिया बिस्तर समेट कर रातों रात फरार हो गए। आरोप है कि इस गिरोह ने मुरादाबाद समेत अन्य जनपद और दूसरे प्रदेशों के सैकड़ों लोगों से करीब 12 करोड़ रुपये हड़प लिए हैं।
भगतपुर थानाक्षेत्र के लखनपुर लाडपुर निवासी सुलेमान ने दर्ज कराया है। वह किसान हैं। उन्होंने बताया कि दस साल पहले उनके पास विनोद नाम का व्यक्ति आया था। उसने बताया था कि वह जेकेवी मल्टीस्टेट क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी नाम की चिट फंड कंपनी में काम करता है। कंपनी के दफ्तर देश भर में कई शहरों हैं। उसने विश्वास दिलाया कि कंपनी बैंकों से भी ज्यादा ब्याज देती है। उसने अपनी कंपनी के मालिक एवं डायरेक्टर ज्ञानेंद्र पाठक निवासी कोकर ग्रांट टोला रानी मंडी प्रयागराज से मिलवाया था। इसके बाद सुलेमान ने मझोला थानाक्षेत्र स्थित कंपनी के दफ्तर में खुद व अपने रिश्तेदार, परिचित, दोस्त और करीबियों की रकम कंपनी में जमा करा दी। उन्होंने अलग-अलग तारीख में करीब तीस लाख रुपये जमा किए थे। छह साल बाद जब उन्होंने रकम मांगनी शुरू की तो आरोपी दफ्तर बंद कर फरार हो गए। सुलेमान ने दावा किया है कि इस कंपनी के कर्मचारी और मालिक ने उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य प्रदेशों के जनपदों के सैकड़ों लोगों से 12 करोड़ रुपये हड़प लिए हैं। एसएसपी प्रभाकर चौधरी के आदेश पर भगतपुर थाने में कंपनी के मालिक और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।