मुरादाबाद के पबजी गेम के फेर में उलझे सातवीं और आठवीं के कुछ छात्र किताबों के बस्तों में चाइनीज गन और चाकू रखकर स्कूल पहुंच गए। छात्रों ने जब इन हथियारों का प्रदर्शन किया तो बात क्लासरूम से निकलकर प्रिंसिपल के कानों तक पहुंची। प्रिंसिपल ने जब छात्रों की तलाशी कराई तो पांच छात्रों के पास से चाकू और चाइनीज गन निकली। घटना केंद्रीय विद्यालय की है। स्कूल प्रिंसिपल ने पांचों आरोपी छात्रों को एक सप्ताह के लिए स्कूल से निष्कासित कर दिया है।
छोटे-छोटे स्कूली बच्चों की हथियारों से दोस्ती का खुलासा होने पर स्कूल के शिक्षकों के भी होश उड़ गए। केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य बृजेश कुमार का कहना है कि यह पूरा मामला पबजी गेम से जुड़ा है। इसकी लत के शिकार बच्चे चाइनीज गन और चाकू लेकर स्कूल पहुंचे थे।
प्रिंसिपल ने बताया कि ऐसे पांच बच्चे तलाशी में पकड़ में आए। जिनके पास से चाकू और चाइनीज गन मिली। तुरंत इनके अभिभावकों को स्कूल बुलाकर उनके बच्चों की हरकत के बारे में जानकारी दी गई। प्रिंसिपल का कहना है कि आपत्तिजनक सामग्री लाकर यह स्कूल का अनुशासन तोड़ने का मामला है। इसलिए पांचों छात्रों को एक सप्ताह के लिए निष्कासित कर दिया गया है।
उधर, बच्चों के स्कूली बैग से चाकू और चाइनीज गन निकलने के बाद बाकी छात्र सहम गए। स्कूल स्टाफ में भी खलबली मच गई। प्रिंसिपल का कहना है कि छात्रों में किसी प्रकार का कोई टकराव नहीं हुआ है। छात्रों के पास आपत्तिजनक सामान होने की भनक लगते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत तलाशी ली और एक्शन लिया। पुलिस को भी घटना के बारे में जानकारी नहीं दी गई है।