बुलंदशहर जिले से मुरादाबाद गंगा मंदिर में पूजा करने आए एक परिवार का 10 वर्षीय बालक नहाते समय डूब गया। परिवार वालों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर गोताखोरों की मदद से बालक की तलाश कराई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
बुलंदशहर जिले के थाना नरसेना के ग्राम खंदोई निवासी सतपाल सिंह ने बताया कि बुजुर्गों से चली आ रही परंपरा के अनुसार वह परिवार के साथ यहां गंगा मंदिर पर पूजा पाठ करने आए हैं। उन लोगों के साथ उनके चार भाई व उनके परिवार के बच्चे भी आए हैं।
शाम करीब चार बजे परिवार के अन्य बच्चों के साथ उनका 10 वर्षीय पुत्र आशू भी गंगा में नहा रहा था। पूजा के समय बच्चों को आवाज लगाकर नदी से बाहर बुलाया गया। बताया जाता है कि उस समय तो आशू भी अन्य बच्चों के साथ बाहर आ गया, लेकिन कुछ देर बाद वह पुन: नदी की ओर चला गया।
पूजा संपन्न होने के बाद परिवार वालों को जब आशू नहीं दिखा तो सभी ने उसे ढूंढना शुरू किया। नदी के पास गए तो वहां उसके कपड़े दिखे। काफी तलाशा लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद परिवार वालों ने इसकी सूचना कटघर थाना पुलिस को दी। एसएचओ गजेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही वह गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंच गए।
सीओ मनीष कुमार व एसीएम (प्रथम) राजेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से नदी में बालक के डूबने की आशंका को लेकर तलाश भी कराई गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। डूबे बालक के पिता सतपाल, मां सीमा, बड़े भाई आदित्य व छोटी बहन निशू समेत साथ आए परिवार के अन्य सभी लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। देर रात तक डूबे बालक का सुराग नहीं लग सका था।