कांठ। दूध लेने आए पिकअप वाहन के पहिये के नीचे आने से घर के आंगन में ही सवा साल के बालक वेदांश की मौत हो गई।
विज्ञापन
छजलैट के गांव दाढ़ी महमूदपुर निवासी हरस्वरूप घर में ही दूध की डेयरी चलाते हैं। शनिवार की सुबह फैक्टरी को दूध ले जाने के लिए पिकअप वाहन आया था।
चालक ने वाहन को घर के आंगन में खड़ा करके दूध लादा। इसके बाद उसने वाहन को स्टार्ट किया और आगे बढ़ा दिया।
तभी आंगन में खेल रहा सवा साल का मासूम पिकअप के पहिये के नीचे आकर घायल हो गया। परिजन उसे गंभीर हालत में मुरादाबाद के निजी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन बच्चे के शव को वापस घर ले आए।
छजलैट थाना प्रभारी निरीक्षक राज कुमार सिंह ने बताया कि बच्चे का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने इस मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। दादी रामवती और दादा हरस्वरूप का भी रो-रोकर बुरा हाल है। पिता सौरभ, मां हिमांशु और बहन तनिष्का बेहाल हैं।