सीएम योगी ने जाना संक्रमित सुंदर का हाल
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले के मनोहरपुर गांव पहुंचकर कोरोना संक्रमित ग्रामीण से उसका हाल जाना। सीएम योगी और अधिकारियों की गाड़ियों का काफिला करीब 1:45 बजे मनोहरपुर गांव में कोरोना पीड़ित ग्रामीण सुंदर सिंह के घर से कुछ दूर आकर रुका।
सीएम गाड़ी से उतरे और कमांडो सुरक्षा के बीच सीधे सुंदर सिंह के दरवाजे के बाहर पहुंचे। सुंदर सिंह अपने मकान के दरवाजे के पास खड़ा था। सीएम को पहले ही उसके बारे में जानकारी दे दी गई थी। सीएम ने सबसे पहले सुंदर सिंह का हाल पूछा तो उसने कहा कि ठीक हूं सीएम साहब।
मुख्यमंत्री ने पूछा कि घर में और कौन-कौन कोरोना पॉजिटिव हैं तो सुंदर सिंह ने बताया कि उसका एक बेटा भी कोरोना पॉजिटिव है। सीएम ने सुंदर से पूछा कि कोरोना की दवाई सरकारी अस्पताल से मिली है या नहीं, सुंदर सिंह ने हां में जवाब दिया, बोला कि अस्पताल वालों ने दवाई भिजवा दी है।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने पूछा कि घर में कितने शौचालय हैं, सुंदर सिंह ने हाथ जोड़कर कहा कि साहब गरीब आदमी हूं। घर में एक शौचालय है सभी उसका प्रयोग करते हैं।