रविवार रात हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मास्क और ग्लब्स पहन कर बैठे अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि अधिकारियों का यह व्यवहार लोगों में भय पैदा कर रहा है। अफसरों को पता होना चाहिए कि मास्क और ग्लव्स का इस्तेमाल कहां जरूरी है और कहां नहीं।
प्रदेश के 16 जिलों में ब्लाक डाउन के फैसले के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार रात 9:45 बजे प्रदेश के सभी मंडल और जिला स्तरीय अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जरूरी निर्देश दिए थे।
खासतौर पर उन 16 जिलों के अधिकारियों को विशेष हिदायतें दी गई थी जिनमें लॉकडाउन किया गया है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान मुख्यमंत्री की नजर कुछ ऐसे अधिकारियों पर पड़ी जिन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में भी मास्क और ग्लव्स पहन रखे थे।
इनमें मुरादाबाद के अफसर भी शामिल थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को टोकते हुए कहा की जब जनता को यह संदेश दे रहे हैं कि मास्क केवल संक्रमित व्यक्तियों और उनके इलाज में लगे चिकित्सकों व चिकित्सा कर्मियों के लिए जरूरी है तो फिर खुद मास्क पहनकर क्यों बैठे हैं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में भी मास्क लगाने पर उन्होंने अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। इसके बाद अधिकारियों ने तुरंत अपने मास्क और ग्लव्स उतार दिए।