ठाकुरद्वारा। सूर्य की उपासना का पर्व छठ पूजा का पर्व क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया। शाम को श्रद्धालु महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा अर्चना की।
भगवान सूर्य से परिवार की सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की। नगर क्षेत्र में रहने वाले बिहार और पूर्व के निवासियों ने विशेष रूप से इस पर्व को हर्षोल्लास और धार्मिक परंपरा के साथ मनाया। श्रद्धालु महिलाएं अपने परिवार के साथ नगर के रामलीला मैदान में आयोजित सामूहिक कार्यक्रम में पहुंची। जिसमें जिसमें छठ मैया के प्रतीक शिला की भक्तों ने पूजा अर्चना की।
रामलीला मैदान को विशेष रूप से सजाया गया था। बच्चे आतिशबाजी छोड़ रहे थे। रामलीला मैदान में नदी के प्रतीक के रूप में गड्ढा खोदा गया था। जिसमें पानी भरा गया। उसमें खड़े होकर श्रद्धालु महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। पूजा में गन्ना, अनानास, केला आदि को प्रसाद के रूप में चढ़ाया गया। छठ मैया के सामने श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। मंगल लोक गीत गाए।
श्रद्धालुओं ने रविवार से 36 घंटे का निर्जल व्रत शुरू किया है जो मंगलवार को सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर संपन्न होगा। छठ पूजा के पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह दिखाई दिया। देर शाम तक रामलीला मैदान में छठ मैया के भजन और गीत गूंजते रहे। इस दौरान लाल बाबू यादव, सुगन यादव, ओम प्रकाश दुबे, तुषार कुमार, सुजाता देवी, आकांक्षा, दीपा, शिव कुमारी, गुड़िया देवी, रितु, आशु गुप्ता, पवन पुष्पद आदि मौजूद रहे।