मुरादाबाद। जिला पंचायत के लिए डिलारी ब्लाक में सदस्य पद की पांच में से तीन सीटों पर चौधरी परिवार का परचम लहराया है। चौधरी परिवार की तीन महिलाओं ने जिला पंचायत सदस्य पद पर जीत दर्ज की है। दो महिलाएं बसपा समर्थित प्रत्याशी थीं, जबकि एक ने निर्दलीय के रूप में सफलता हासिल की है।
डिलारी क्षेत्र के गांव मानपुर साबित के चौधरी परिवार का विधायकी से लेकर ब्लाक प्रमुखी तक दबदबा रहा है। इस परिवार के चौधरी अहमद उल्ला खां और डा. मोहम्मद उल्लाह खां विधायक रहे हैं। वहीं चौधरी फिजाउल्लाह खां वर्ष 2000 में जिला पंचायत अध्यक्ष रहे। साथ ही पंद्रह साल डिलारी के ब्लाक प्रमुख भी रहे। पंचायत चुनाव में भी इस परिवार का अधिकांश समय दबदबा रहा है। इस बार के चुनाव में डिलारी क्षेत्र की पांच जिला पंचायत सदस्य की सीटों में से तीन पर चौधरी परिवार ने कब्जा जमाया है। वार्ड छह से तबस्सुम चौधरी पत्नी रफीउल्लाह चौधरी, वार्ड सात से चौधरी अंबर सईद पत्नी चौधरी अमान उल्ला खां और वार्ड नौ से मुमताज चौधरी पत्नी जिया उल्ला चौधरी ने जीत दर्ज की है। अंबर सईद और मुमताज बसपा समर्थित प्रत्याशी थी, जबकि तबस्सुम चौधरी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में थीं।