कुंदरकी। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को कुंदरकी नगर और ग्रामीण इलाके में भाजपा ने भक्तिभाव से तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में लोगों ने अपने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए देशभक्ति का संदेश दिया। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने भारत माता के जयकारे लगाए। कुंदरकी ब्लॉक कार्यालय से तिरंगा रैली की शुरूआत हुई जिसके बाद हरियाना, कादलपुर मस्ती, गुरेर, डींगरपुर से होते हुए ब्लॉक कार्यालय पर ही पहुंचकर समाप्त हुई। वहीं रतनपुर कलां में दूसरी तिरंगा रैली निकाली गई जोकि नूरपुर, ननापुर, हुसैनपुर, डोमघर, कमालपुर, भीकनपुर और कुलवाड़ा होते हुए ब्लॉक कार्यालय पर पहुंची। दोनों रैलियों में सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर तिरंगा लहराया और देशभक्ति के नारों के साथ देश की आजादी का जश्न मनाया। रैली के दौरान लोगों ने पुष्प वर्षा कर गांव गांव स्वागत किया। तिरंगा रैली में कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह, बीडीओ राजेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रशासक पति गुलाम जिलानी, जिला मंत्री बृजेश लोधी, गुलाम रब्बानी, मंडल अध्यक्ष संजय कश्यप और बबलू सिंह समेत काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और लोग मौजूद रहे।