मुरादाबाद। खाकी की नाकामी और लापरवाही के कारण चार साल पहले सरेशाम लूटी गई बाइक सड़कों पर फर्राटे भर रही है। पुलिस ने लूट की जिस घटना को चोरी में दर्ज कर चंद दिन बाद फाइनल रिपोर्ट लगाकर अपना पल्ला झाड़ लिया था उसमें लूटी गई बाइक सरेआम सड़कों पर दौड़ रही है। हैरत की बात यह है कि पुलिस ने उसका चालान कर दिया और यह देखने की जहमत नहीं उठाई कि बाइक लूट या चोरी की तो नहीं? मामले का खुलासा तब हुआ जब बाइक मालिक के घर उसका फोटो चालान पहुंच गया। हैरत की बात यह है कि यह चालान दो बार हो चुका है।
हजरत नगर गढ़ी थानाक्षेत्र के मिठौली निवासी जगत सिंह पीएमएस स्कूल के पीछे नीलकंठ कालोनी निवासी अमीता पोरवाल के यहां कार चालक है। जगत सिंह ने बताया कि ग्यारह फरवरी 2016 को वह बाइक से अपनी रिश्तेदारी कुंदरकी थानाक्षेत्र के हरियाना गांव जा रहा था। शाम करीब छह बजे तीन बदमाशों ने उससे बाइक, मोबाइल, घड़ी और रुपये छीन लिए थे। पुलिस ने उस घटना को चोरी में दर्ज किया था। पीड़ित कई बार थाने गया, लेकिन हर बार उसे आश्वासन दिया गया था, कि बदमाशों की तलाश की जा रही है, लेकिन पुलिस बदमाशों की तलाश में नहीं बल्कि केस में एफआर लगाने में जुटी थी। जब पीड़ित को पता चला कि पुलिस ने केस में फाइनल रिपोर्ट लगा दी है तो उसने थाने जाना ही छोड़ दिया। जगत सिंह ने बताया कि घटना से एक माह पहले ही उसने पुरानी बाइक खरीदी थी। जिससे बाइक खरीदी थी एक सप्ताह पहले ही उसके पास फोटो चालान पहुंचा। जिससे पता चला कि मुरादाबाद में उस बाइक का चालान किया गया था। इसके बाद जब यातायात पुलिस कार्यालय में जाकर गाड़ी का नंबर चेक कराया तो पता चला कि इस बाइक का दो बार चालान हो चुका है। इसके बाद जगत सिंह ने एसपी यातायात सतीश चंद्र से मिलकर पूरे मामले की जानकारी। उन्होंने आश्वासन दिया है कि इस मामले की जांच कराई जाएगी।
एक माह पहले ही खरीदी थी बाइक
मुरादाबाद। नीलकंठ कालोनी निवासी जगत सिंह ने बताया कि घटना से एक माह पहले ही उसने जलकल विभाग में कार्यरत मोनू नाम के कर्मचारी से बाइक खरीदी थी। इस बाइक का पंजीकरण मोनू के पिता महेंद्र सिंह के नाम है। उनका देहांत हो चुका है। एसपी यातायात कार्यालय से बाइक नंबर के जरिये मालिक महेंद्र सिंह के पते पर फोटो चालान भेजा है।
---
दो बार हो चुका है चालान
मुरादाबाद। कुंदरकी थानाक्षेत्र में ग्यारह फरवरी को कार चालक से लूटी गई बाइक का दो बार फोटो चालान हो चुका है। पहली बार ग्यारह अक्तूबर 2019 को बिना हेलमेट के बाइक ड्राइव करने के मामले में चालान किया गया। जिस पर पांच सौ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। फोटो से पता चलता है कि उस वक्त बाइक को एक युवक चला रहा है। जिसके पीछे एक बच्चा बैठा है। जबकि दूसरी बार चालान सात फरवरी 2020 को किया गया है। इस बार भी बिना हेममेट के चालान किया गया। इस बार एक व्यक्ति बाइक ड्राइव कर रहा है। जिसके पीछे एक महिला बैठी है। जिस पर एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। पुलिस अगर चाहती तो फुटेज आदि भी चेक कर सकती थी पर ऐसा नहीं किया गया।
लूट को चोरी में दर्ज कर लगा दी एफआर
मुरादाबाद। पीड़ित ने बताया कि उससे तमंचे के बल पर बाइक, मोबाइल, घड़ी व रुपये लूटे थे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई थी। तीन बदमाश एक बाइक पर बैठकर आए थे। बदमाशों के जाने के बाद वह अपने रिश्तेदार के घर पहुंचा और उनके मोबाइल से पुलिस को कॉल कर घटना की जानकारी दी थी। काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। जब वह थाने तहरीर लेकर पहुंचा तो तत्कालीन थानाध्यक्ष ने साफ कह दिया था कि रिपोर्ट लिखवानी है तो चोरी की लिखी जाएगी। वरना वह अपनी तहरीर लेकर यहां से चला जाए। मजबूरन पीड़ित को चोरी की धाराओं में ही रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद विवेचक ने केस में एफआर लगा दी।
यह बेहद गंभीर मुद्दा है। पीड़ित मुझसे आकर मिले और अपने दस्तावेज पेश करे। मैं इसकी पूरी जांच कराऊंगा और बाइक बरामद करने की पूरी कोशिश की जाएगी। साथ ही लापरवाही पर भी कार्रवाई होगी- सतीश चंद्र, एसपी यातायात