फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: चक्कर की मिलक चौराहे को एक घंटा रखा जाम, होता रहा हंगामा

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। दंपती की हत्या के बाद से चक्कर की मिलक के लोगों में जबरदस्त गुस्सा है। मंगलवार की शाम पांच बजे गुस्साई भीड़ ने जाम लगा दिया। पुलिस ने उन्हें हटाने की कोशिश की तो तीखी नोकझोंक भी हुई। इस दौरान लोगों ने मांग रखी कि हत्यारोपियों का एनकाउंटर किया जाए और उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए। एसपी सिटी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को बताया कि एक आरोपी गिरफ्तार किया जा चुका है अन्य की तलाश की जा रही है। इसके बाद ही लोग शांत हुए।
विज्ञापन

मंगलवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद पति पत्नी के शव घर ले जाए जा रहे थे। इससे पहले ही लोगों ने चक्कर की मिलक चौराहे पर जाम लगा दिया। वह शव रखकर जाम लगाने की तैयारी कर रहे थे। इसकी भनक लगते ही पुलिस अलर्ट हो गई। शाम करीब साढ़े पांच बजे चौराहे पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। राजा के परिजन, रिश्तेदार और मोहल्ले के लोग आ गए थे। पुलिस कर्मियों ने उन्हें चौराहे से हटाने की कोशिश की तो वह भिड़ गए और पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी नारेबाजी करने लगे। सिविल लाइंस थाना प्रभारी मनीष सक्सेना, इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार समेत अन्य पुलिस कर्मी आ गए। पीएसी जवानों की टोली भी मौके पर बुला ली गई। लोगों ने पुलिस के सामने मांग रखी कि इस घटना में जितने भी लोग शामिल रहे हैं सभी का एनकाउंटर किया जाए और उनके घरों पर बुलडोजर की कार्रवाई की जाए। चौराहे पर लगातार भीड़ बढ़ती जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने समझदारी दिखाते हुए पोस्टमार्टम से आ रही एंबुलेंस का रास्ता बदल दिया। एंबुलेंस पहले पीटीसी गेट के सामने से सपा कार्यालय होते हुए चक्कर की मिलक में राजा के घर पहुंचनी थी लेकिन चौराहे पर भीड़ होने की वजह से एंबुलेंस को डीआईजी कार्यालय के सामने से चक्कर की मिलक में होते हुए राजा के घर तक पहुंचा गया। चौराहे पर जाम लगा रहे लोगों को एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने समझाया कि एक आरोपी फहीम गिरफ्तार कर लिया है। बाकी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। इसके बाद लोग यहां से शांत होकर राजा के घर पहुंच गए लेकिन यहां भी कई बार जाम लगाने की कोशिश की गई। एसपी सिटी कुमार रण विजयसिंह ने बताया कि लोगों को समझाकर शांत कर दिया गया था।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें