मुरादाबाद। भोजपुर नगर पंचायत की चेयरपर्सन रहमत जहां ने अपने पति पूर्व चेयरमैन शफी अहमद समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि पति ने सरकारी दस्तावेजों पर उसके हस्ताक्षर कराकर गलत कार्यों में इस्तेमाल किया है। विरोध करने पर उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। अब एक्सीडेंट कराकर उसकी व उसके बेटे, बेटी और भाई की हत्या कराने की धमकियां दी जा रही हैं। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
भोजपुर के मोहल्ला नावपुर निवासी रहमत जहां की ओर से भोजपुर धर्मपुर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन शफी अहमद, जिले हसन, नईम अहमद, शफीक अहमद और एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। महिला ने बताया कि वह भोजपुर धर्मपुर नगर पंचायत की चेयरपर्सन है। महिला का कहना है कि वह पूर्व चेयर मैन शफी अहमद तीसरी पत्नी है। महिला ने आरोप लगाया कि पिछले दो सालों से मुझसे केवल सरकारी कागजात पर हस्ताक्षर करवाए जा रहे हैं। महिला का कहना है कि जब उसे पता लगा कि नगर पंचायत कार्यालय में सरकारी दस्तावेजों से मेरे द्वारा किए गए हस्ताक्षरों का पति व अन्य लोग गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके बाद नगर पंचायत कार्यालय का सभी कार्य खुद ही करना शुरू कर दिया। इसमें मेरा भाई इकबाल मेरा साथ दे रहा है। महिला का कहना है कि पति व अन्य आरोपियों ने मुझे मारपीट कर घर से निकाल दिया है। अब मैं किराये पर रह रही हूं। महिला ने आरोप लगाया कि पति व अन्य आरोपी उसे धमकियां दे रहे हैं कि वह उसकी, उसके बेटी बेटे और भाई इकबाल की एक्सीडेंट कराकर मरवाने की धमकियां दे रहे हैं। अब महिला अपने बच्चों के साथ अलग किराये के मकान में रह रही है।
मेरे दस्तावेजों का इस्तेमाल करके रहमत जहां चुनाव लड़ी थी। उससे मेरा कोई मतलब नहीं है। मेरे व परिवार व रिश्तेदारों पर लगाए गए आरोप गलत हैं।
शफी अहमद, पूर्व चेयरमैन
-----------
नगर पंचायत भोजपुर धर्मपुर की चेयरपर्सन ने प्रार्थनापत्र दिया था। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो सभी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रभाकर चौधरी, एसएसपी
-----
मैं शफी अहमद की तीसरी पत्नी हूं। पति द्वारा मेरे हस्ताक्षरों का गलत इस्तेमाल किया गया है। मैंने विरोध किया तो मेरे साथ मारपीट कर मुझे घर से बाहर निकाल लिया। अब मैं किराये के मकान में रह रही हूं ।
रहमत जहां, चेयर पर्सन, भोजपुर नगर पंचायत