मुरादाबाद। मुरादाबाद में प्रदूषण को लेकर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जांच शुरू कर दी है। इसके लिए जनपद के 47 स्थानों पर जांच की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि टीम एक महीने तक जांच करेगी।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से अलग-अलग जनपदों में प्रदूषण की जांच करवाई जा रही है। यह जांच बोर्ड की ओर से नामित थर्ड पार्टी टीमों द्वारा की जाती है। इसके लिए इस माह मुरादाबाद का चुनाव किया गया है। प्रदूषण बोर्ड के निर्देश पर आई टीम द्वारा मुरादाबाद में प्लेटिंग यूनिट, पेपर मिल, डिस्टलरी और डेयरी की जांच की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि टीम द्वारा यह देखा जाएगा कि इन यूनिटों की ओर से प्रदूषण नियंत्रण के लिए निर्धारित मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं। इसके लिए वह इन स्थानों से सैंपल एकत्र करेंगे। इन सैंपल की जांच कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को साैंपी जाएगी। इसी के आधार पर आगे की कार्रवाई के लिए उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देश दिए जाएंगे। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी डीके गुप्ता का कहना है कि अभी एक टीम आई है। टीमों की संख्या में बढ़ोतरी की जा सकती है।