मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी अपने कार्यालय में बैठ विभिन्न विभागों के अधिकारियों के कार्यालय में काम काज की स्थिति पर नजर रख सकेंगे। इसके लिए विकास भवन स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों में सीवीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। मुख्य विकास अधिकारी सुमित यादव ने बताया कि विकास भवन परिसर में विभिन्न कार्यालय हैं।
इनमें अधिकारियों की सुरक्षा, सरकारी कामों में पारदर्शिता, नियंत्रण तथा गतिशीलता को ध्यान में रखते यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि वह अपने कार्यालय में पहुंचे फरियादियों के साथ कर्मचारियों के व्यवहार, कर्मचारियों के कामकाज पर नजर के लिए खुद के कार्यालय में भी सीसी टीवी कैमरे लगवाएंगे। इसके अलावा परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त स्वत: रोजगार, जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांगजन अधिकारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय के कमरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का काम शुरू कर दिया गया है। जिससे वह देख सकेंगे कि अधिकारी अपने कार्यालय में समय से उपस्थित होकर जनसुनवाई करते हुए शिकायतों, सरकारी कार्यों का तत्परता से निस्तारण कर रहे हैं अथवा नहीं।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही अधिकारियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। कोई झूठा केस नहीं लगा पाएगा। विकास भवन परिसर को भी सुरक्षा की दृष्टि से तीसरी आंख से लैस किया जा रहा है।