फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसान से रिश्वत लेने पर सीबीआई की टीम ने बैंक में मारा छापा

विज्ञापन
विज्ञापन
कांठ (मुरादाबाद)। किसान क्रेडिट कार्ड बनाने की एवज में किसान से आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक के फील्ड ऑफिसर को गाजियाबाद से आई सीबीआई की टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया। देर रात तक सीबीआई की टीम बैंक में ही पूछताछ व जांच करती रही।
विज्ञापन

जानकारी के मुताबिक कांठ के गांव बेगमपुर निवासी किसान महकपाल सिंह पुत्र बाबू सिंह नेे करीब पंद्रह दिन पहले अपनी पंद्रह बीघा कृषि भूमि पर किसान क्रेडिट कार्ड जारी करने और उस पर 80 हजार रुपये का ऋण देने के लिए पास के ही मिश्रीपुर स्थित प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक में औपचारिकताएं पूरी की थी। आरोप है कि बैंक के फील्ड ऑफिसर अजित सिंह ने महकपाल से ऋण फाइल पास करने के लिए पंद्रह हजार रुपये की मांग की थी। जब किसान ने अधिक रुपये होने की बात कही तो फील्ड ऑफिसर ने बिना रुपये क्रेडिट कार्ड बनाने से साफ मना कर दिया। किसान लगातार बैंक के चक्कर चलाता रहा और परेशान होकर उसने फील्ड ऑफिसर को रिश्वत के रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़वाने के लिए गाजियाबाद में सीबीआई की टीम से संपर्क किया।
शुक्रवार की दोपहर बाद किसान फिर बैंक पहुंचा और फील्ड ऑफिसर को बारह हजार रुपये में फाइल पास कराने के लिए रजामंद कर लिया। इनमें से उसने आठ हजार रुपये भी फील्ड ऑफिसर को दे दिए और चार हजार रुपये बाद में देने की बात कही। इसी दौरान गाजियाबाद से आई सीबीआई की टीम बैंक में दाखिल हो गई और उसने फील्ड ऑफिसर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। तलाशी के दौरान टीम को फील्ड ऑफिसर के पास से किसान द्वारा दिए गए रिश्वत के आठ हजार रुपये भी बरामद हो गए। मौके पर मौजूद बैंक ग्राहकों और ग्रामीणों ने इसकी पुष्टि की है। बैंक में सीबीआई की टीम को देखकर बाहर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ लग गई। इस मामले में शुक्रवार की रात साढ़े दस बजे तक भी बैंक में सीबीआई की टीम पूछताछ व जांच करती रही। सीबीआई टीम ने इस मामले की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी थी।
विज्ञापन

कांठ। गांव मिश्रीपुर स्थित प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक में फील्ड ऑफिसर के द्वारा किसान महकपाल से आठ हजार रुपये की रिश्वत लेने के मामले में किसान के भाई सोमपाल सिंह ने बताया कि उसके भाई को फील्ड ऑफिसर पंद्रह दिन से परेशान कर रहा था। वह पंद्रह हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। जब बात नहीं बनी तो बारह हजार रुपये में ऋण की फाइल पास करने का सौदा तय हो गया था। सोमपाल सिंह ने बताया कि शुक्रवार को महकपाल से फील्ड ऑफिसर ने आठ हजार रुपये रिश्वत के लिए थे।
कांठ। प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक मिश्रीपुर शाखा के फील्ड ऑफिसर अजित सिंह पर बेगमपुर, मिश्रीपुर सहित गई गांवों के ग्रामीणों और किसानों ने उनसे भी रिश्वत मांगने और बिना रुपये लिए काम न करने का आरोप लगाया है। सीबीआई टीम के छापे के दौरान बैंक के बाहर जुटी ग्रामीणों की भीड़ शुक्रवार को हुई कार्रवाई को ठीक बता रही थी। ग्रामीणों का कहना है कि फील्ड ऑफिसर बिना रुपये लिए कोई काम नहीं करता था।
कांठ। प्राप्त जानकारी के अनुसार रिश्वत लेते पकड़ा गया फील्ड ऑफिसर प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की मिश्रीपुर शाखा में करीब एक वर्ष से कार्यरत है। शुक्रवार को जिस समय बैंक में सीबीआई की टीम ने छापा मारा। उस समय शाखा प्रबंधक भापू प्रताप सिंह बैंक में नहीं थे। बताया गया है कि वह छुट्टी पर थे। कार्रवाई के दौरान सीबीआई की टीम ने भी शाखा प्रबंधक को भी बुला लिया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें