मुरादाबाद। मूंढापांडे थाने के हेड महर्रिर की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी स्पष्ट नहीं हो पाया। जिस कारण विसरा सुरक्षित रखा गया है। जिसे जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा।
मूलरूप से बागपत के धौहघट थानाक्षेत्र के मुलशम गांव निवासी तेजपाल सिंह पुलिस विभाग में कार्यरत थे। वह 11 सितंबर 2020 से मूंढापांडे थाने में हेड मुहर्रिर के पद पर तैनात थे। उनका परिवार वर्तमान में मेरठ के बढौत रोड स्थित श्री राम विहार कालोनी में रहता है। परिवार में पत्नी रेखा, बेटी स्वाति और बेटा विशाल है। मंगलवार सुबह वह थाना परिसर में बने आवास के कमरे में मृत अवस्था में पड़े मिले थे। सूचना मिलने पर सीओ हाईवे देश दीपक और एसपी देहात विद्या सागर मिश्रा ने मौका मुआयना किया था। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया था। सूचना मिलने पर परिजन भी मुरादाबाद आ गए थे। पुलिस ने मंगलवार देर रात पोस्टमार्टम कराने के बाद हेड मुहर्रिर का शव उनके परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया था। थाना प्रभारी हिमांशु चौहान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। विसरा सुरक्षित रखा गया है। जिसे जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।