छजलैट के गांव चेतरामपुर के जंगल में गोतस्करों ने एक और गोवंशीय पशु की हत्या कर दी। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को आता देख आरोपी भाग गए। घटना को लेकर कार्यकर्ताओं में रोष है। उन्होंने छजलैट थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
गांव चेतरामपुर के जंगल में रविवार रात करीब 12 बजे छह से अधिक तस्कर एक गोवंशीय पशु की हत्या कर रहे थे। इस बीच किसी ने विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को इसकी सूचना दी। जिस पर विहिप बजरंग दल के जिला प्रमुख मोनू विश्नोई बजरंगी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही तस्कर पशु को मार चुके थे और कार्यकर्ताओं को आता देख आरोपी भाग गए। कार्यकर्ताओं की सूचना पर रात में ही छजलैट पुलिस मौके पर पहुंची।
गोवंशीय पशु की हत्या से गुस्साए कार्यकर्ताओं को पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने रात में शव का अंतिम संस्कार नहीं होने दिया। सोमवार सुबह विहिप बजरंग दल के कार्यकर्ता जिला प्रमुख मोनू विश्नोई के नेतृत्व में थाने पहुंचे और थाने का घेराव कर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर एएसपी हाईवे, सीओ कांठ अंकित तिवारी भी थाने पहुंचे और कार्यकर्ताओं से बात की। अधिकारियों ने घटना स्थल का भी मौका मुआयना किया। पूरा दिन यह प्रकरण चलता रहा। थानाध्यक्ष छजलैट सतेंद्र शर्मा ने बताया कि अज्ञात गोकशों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृत गाय का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसका अंतिम संस्कार करा दिया गया है।