फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad: चोरों ने गोदाम के सीसीटीवी कर दिए बंद..फिर लॉकर उखाड़कर ले गए, 14 लाख गायब हुए तो चला पता

Tue, 31 Oct 2023 01:24 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद

सार

अगवानपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के काजीपुरा प्रेमनगर में नोएडा की होम डिलीवरी कंपनी का गोदाम है। यहां से किचन के सामान की रिटेल और होलसेल डिलीवरी होती है। गोदाम में 20 कर्मचारी काम करते हैं।
विज्ञापन
चोरी की घटना के बाद बताता कर्मचारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुरादाबाद मंडल में किराना सामान की होम डिलीवरी करने वाली अपना क्लब कंपनी के गोदाम से चोर नकदी से भरा लॉकर उखाड़कर ले गए। लॉकर में करीब साढ़े 14 लाख रुपये थे। तीन दिन बैंकों का अवकाश होने से रकम जमा नहीं हुई थी। घटना के दौरान सुरक्षा गार्ड गेट पर तैनात था। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।

विज्ञापन


सिविल लाइंस के अगवानपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के काजीपुरा प्रेमनगर में नोएडा की होम डिलीवरी कंपनी अपना क्लब का गोदाम है। इस गोदाम से रामपुर मुरादाबाद, बिजनौर, संभल और अमरोहा में किचन के सामान की रिटेल और होलसेल डिलीवरी होती है। गोदाम में एक मैनेजर और दो सुरक्षा गार्ड समेत 20 कर्मचारी काम करते हैं।

एक सुरक्षा गार्ड दिन में तो दूसरा रात को बंद गेट पर तैनात रहता है। मैनेजर अमित जोशी ने बताया कि रविवार को एक गाड़ी बिजनौर से देरी से लौटी थी। रात करीब 10 बजे कैशियर मुश्तफा और अन्य चार कर्मचारी गेट में रोज की तरह सील लगाकर गोदाम को बंद करके गए थे, जबकि गेट पर सुरक्षा गार्ड बदन सिंह तैनात था।
विज्ञापन


सोमवार की सुबह करीब पौने नौ बजे कर्मचारी अविनाश ने गोदाम का ताला खोला तो सामान बिखरा था।। इसके 15 मिनट के बाद हाऊस कीपर दीपक गोदाम में आ गया। दीपक पहली मंजिल पर ऑफिस की साफ सफाई करने गया तो अलमारी का दरवाजा टूटा था। उसका सारा समान बिखरा था।

उसने टीम लीडर किशोर बुला लिया। अलमारी की बराबर में दीवार पर लगा लॉकर भी गायब पाया, जबकि जीने के दरवाजे का ताला टूटा था। उन्होंने घटना की जानकारी कंपनी के अधिकारियों और पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की तो कैशियर मुश्तफा ने बताया कि रोज 4 से 5 लाख के सामान की बिक्री होती है।

बैंक की एक गाड़ी रोज गोदाम से पैसा लेकर जाती है। तीन दिन से अवकाश की वजह से गाड़ी नहीं आई थी। इसलिए चौदह लाख चालीस हजार की नकदी और 20 हजार के कटे फटे नोट लॉकर में रखे थे। सीओ अर्पित कपूर और थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने गोदाम पहुंचकर जांच पड़ताल की। सीओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है।

कैमरे बंद करके दिया घटना को अंजाम

अपना क्लब गोदाम में 14 कैमरे लगे हैं। एक गोदाम के मेनगेट, दो कैमरे ऑफिस, 13 कैमरे गोदाम के भीतर लगे हैं। रविवार की रात तक सभी कैमरे चल रहे थे। रात 2 बजकर 42 मिनट से पहले की सभी गतिविधियां कैमरे में कैद हैं। इसके बाद कैमरे बंद कर दिए थे, जिसके बाद घटना को अंजाम दिया। जबकि पुलिस आसपास की फैक्टरी के कैमरे की फुटेज जुटा रही है।

गोदाम के भीतर से टूटे ताले

घटना से पुलिस और कर्मचारी हैरान हैं। चोरों ने पहले सीसीटीवी कैमरे बंद किए और फिर अंदर से जीने के दरवाजे और नीचे दूसरे गेट के ताले तोड़कर करीब एक क्विंटल भार का लॉकर ही उखाड़कर साथ ले गए। दोनों जगह गोदाम के अंदर से ताले टूटे मिले हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें