पाकबड़ा। मंगलवार को पुलिस ने स्पेयर पार्ट्स कारोबारी कुलदीप गुप्ता के एक हत्यारे को रिमांड पर लेकर उससे सोने के जेवर और फिरौती की बाकी रकम बरमद की है। कुलदीप गुप्ता की हत्या और अपहरण के बाद तीसरा हत्या आरोपी फरार हो गया था और उसने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर किया था।
मूलरूप से पाकबड़ा के शनिवार का बाजार मोहल्ला निवासी स्पेयर पार्ट्स कारोबारी कुलदीप गुप्ता अपने पत्नी और बच्चों के साथ मझोला थाना क्षेत्र के मिलन विहार में जाकर रहने लगे थे। कारोबारी कुलदीप गुप्ता का एक माह पहले पाकबड़ा में हाईवे पर डींगरपुर तिराहे स्थित दुकान से अपहरण कर लिया गया था। अपहरणकर्ताओं ने फिरौती में चार लाख रुपये लेनेे के बाद कारोबारी कुलदीप गुप्ता की हत्या कर दी थी। कुलदीप गुप्ता की लाश बिजनौर जिले के स्योहारा थाना क्षेत्र के एक गांव में सड़क के किनारे पड़ी मिली थी।
पुलिस ने 7 जून को दो आरोपियों नंदकिशोर उर्फ नंदू व कर्मवीर उर्फ भोलू को पकड़कर और साढ़े तीन लाख रुपये बरामद कर घटना का खुलासा कर दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। जबकि घटना में शामिल तीसरा आरोपी सिविल लाइंस के काजीपुरा निवासी रणवीर उर्फ नन्हे अपने हिस्से के पचास हजार रुपये लेकर चला गया था। घटना का खुलासा होने के बाद से ही रणवीर उर्फ नन्हे फरार चल रहा था। रणवीर उर्फ नन्हे ने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया था।
मंगलवार को कोर्ट ने रणवीर उर्फ नन्हे को पुलिस रिमांड में भेज दिया। थाना प्रभारी योगेंद्र कृष्ण यादव ने बताया की पुलिस ने आरोपी रणवीर उर्फ नन्हे को रिमाडं पर लेकर उससे फिरौती में के 50 हजार रुपये और मृतक कुलदीप गुप्ता के 90 हजार रुपये के जेवर बरामद किए गए हैं। घटना में इस्तेमाल हुई बाइक को भी बरामद किया है। कुलदीप गुप्ता के परिजनों ने सामान की पहचान कर ली है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।