ठाकुरद्वारा। पुलिस ने 17 दिन पूर्व सड़क हादसे के दौरान हुई युवक की मौत के मामले में एक बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस इस मामले में बाइक सवार को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
थाना डिलारी के गांव रहटामाफी निवासी राजबाला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके पति दिनेश कुमार आठ अक्तूबर को गांव के रहने वाले रजत कुमार के साथ ठाकुरद्वारा में काम काम करने के बाद अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक दिनेश कुमार चला रहे थे। रजत कुमार पीछे बैठे थे। दोनों ठाकुरद्वारा, रतूपुरा मार्ग पर अब्दुल्लापुर लेदा के पास बैजनाथपुर मोड़ पर शाम छह बजे पहुंचे। इसी दौरान अन्य बाइक के चालक ने दिनेश की बाइक में टक्कर मार दी। दोनों गिरकर घायल हो गए। दोनों घायलों को ठाकुरद्वारा स्थित सरकारी अस्पताल में लाया गया। यहां डॉक्टर ने दिनेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में घायल रजत कुमार का अभी भी मुरादाबाद शहर स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। कोतवाल सुनील कुमार का कहना है कि पुलिस इस मामले में अन्य बाइक सवार की जांच कर रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद