कांठ। रास्ते में ऑटो रोककर धारदार हथियारों से हमला कर जान से मारने की कोशिश करने के आरोप में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर दो सगे भाइयों समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मुरादाबाद के सिविल लाइन थानांतर्गत नया गांव गौतम नगर निवासी बबलू सैनी ने न्यायालय में दिए प्रार्थना-पत्र में बताया कि 27 जुलाई को वह अपने ऑटो में हरथला से सवारियां बैठा कर कांठ के उमरी चौराहा छोड़ने आया था। आरोप है कि सवारियों को उमरी चौराहा पर उतार कर वह वापस जा रहा था, तभी पीछे से बाइकों से आए कांठ के गांव डेहरा निवासी दुष्यंत, उसके भाई प्रमोद व दो साथियों ने ऑटो रोक लिया। आरोपी दुष्यंत और प्रमोद ने उसे ऑटो से बाहर खींचकर उस पर चाकू और ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया। उनके साथियों ने उसे लाठी-डंडों से पीटा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि थाने व अधिकारियों से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस ने अब कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह ने बताया कि विवेचना की जा रही है। संवाद