सिविल लाइंस थाने की पुलिस ने मझोला के मानसरोवर काॅलोनी निवासी कांग्रेस नेता सचिन चौधरी, उनकी पत्नी आभा चौधरी, सिविल लाइंस के भीकनपुर निवासी अमित सिंह उर्फ अमित चौधरी और उनके कर्मचारी अयान के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने में केस दर्ज किया है।
नागफनी थाना क्षेत्र के दसवां घाट निवासी कृष्ण कुमार माथुर ने दर्ज कराए केस में बताया कि सचिन चौधरी और उनकी पत्नी आभा चौधरी बिल्डिंग बनाने की फर्म चलाते हैं। 2016 के शुरूआत में इनकी फर्म के हेड ऑफिस से दो कर्मचारी अमित सिंह और अयान कृष्ण कुमार माथुर से मिले। दोनों ने आराध्यम वर्ल्ड नाम की आवासीय योजना की जानकारी दी। जिसके बाद पीड़ित ने 70.08 वर्ग मीटर का एक प्लाट 2 लाख 288 रुपये के हिसाब से जून 2016 में बुक करा लिया।
आरोपियों ने पार्क फेसिंग के नाम पर दस फीसदी अतिरिक्त ओर डवलपमेंट चार्जेज के नाम पर 70 हजार 80 रुपये और ले लिए। आरोप लगाया कि रकम लेने के बाद प्लाट का बैनामा नहीं किया। इस संबंध में बात की तो टालमटोल करते रहे। पीड़ित का आरोप है कि 22 मार्च 2024 को वह आरोपियों के कार्यालय पर गए और रजिस्ट्री करने या पैसे वापस करने को कहा तो सभी भड़क गए और गाली गलौज कर धमकी देने लगे। इसकी शिकायत पुलिस में की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। सिविल लाइंस थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज किया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।