मुरादाबाद। मुगलपुरा थाने में एक व्यक्ति के खिलाफ किशोरी से छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया है। पुलिस ने एक महिला की तहरीर पर ये कार्रवाई की है।
सीओ कोतवाली इंदू सिद्घार्थ ने बताया कि मझोला थानाक्षेत्र के मोहल्ले में रहने वाली महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जिसमें महिला ने बताया कि एक अन्य महिला ने उससे करीब ढाई लाख रुपए उधार लिए थे। समय बीतने के बाद भी उसने पैसे वापस नहीं किए। महिला का आरोप है कि मुगलपुरा थानाक्षेत्र निवासी पवन अग्रवाल ने पैसे दिलाने का आश्वासन दिया था। वह बुधवार शाम अपनी नाबालिग भतीजी को साथ लेकर पवन अग्रवाल के घर गई थी। आरोप है कि यहां पवन ने बच्ची के साथ छेड़खानी की और विरोध करने पर रिवाल्वर से गोली मारने की धमकी भी दी है। मुगलपुरा थाना प्रभारी बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। घटना संदिग्ध लग रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।