कैलसा। तीन दिन पहले हसनपुर कचिया गांव में तेरहवीं के कार्यक्रम के दौरान हाई टेंशन लाइन का करंट लगने से किसान राकेश की मौत के मामले में बिजली विभाग के एक्सईएन, एसडीओ और जेई के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के मूंढ़ाखेड़ा गांव किसान राकेश सिंह के परिवार में पत्नी उर्मिला के अलावा तीन बेटी और एक बेटा है। देहात थानाक्षेत्र के हसनपुर कचिया गांव में राकेश सिंह की मौसी का घर है। उनकी मौसी स्वरूपिया की मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार को उनकी तेरहवीं थी। राकेश अपनी पत्नी उर्मिला के साथ तेरहवीं में शामिल होने आए थे। दोपहर करीब 12:30 बजे खाना खाने के बाद मौसी के घर की छत पर गए थे। हाईटेंशन लाइन के तार छत के करीब से गुजर रहे हैं। इस दौरान करंट की चपेट में आकर राकेश सिंह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन राकेश सिंह को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था।
परिजनों ने बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया था। इस दौरान गांव पहुंचे एसडीओ और जेई को ग्रामीणों ने जमीन पर बैठाया था। सीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि मामले में मृतक के मौसेरे भाई नरेंद्र कुमार की तहरीर पर बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता के खिलाफ मुकदमा किया गया है। इन पर लापरवाही का आरोप है।