मुरादाबाद। मझोला के सूर्यनगर निवासी नीतू की मौत के मामले में पुलिस ने पति समेत छह लोगों पर दहेज हत्या में केस दर्ज किया है जिसमें नीतू के भाई ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने जहर खिलाकर उसकी बहन की हत्या की है। संभल के बहजोई थानाक्षेत्र के पंवासा गांव निवासी गौरव कुमार ने मझोला थाने में दर्ज कराए केस में बताया कि 11 साल पहले उसकी बहन नीतू की शादी मझोला क्षेत्र के सूर्यनगर निवासी रचिन के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही पति रचिन और ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए उसे तरह तरह प्रताड़ित करने लगे थे। कई बार मायके वालों ने समझा लेकिन रचिन उसके परिवार के लोगों के व्यवहार में बदलाव नहीं आया। गौरव ने बताया कि उसके पिता ने जमीन बेचकर रचिन को पांच लाख रुपये ठेकेदारी करने के लिए दिए थे लेकिन कुछ दिन रचिन का व्यवहार ठीक रहा लेकिन फिर से उसने और रुपयों की मांग शुरू कर दी थी। 23 अक्तूबर की रात नीतू पर दबाव बनाया गया है कि वह अपने मायके से रुपये लेकर आए।
आरोप है कि नीतू ने विरोध किया तो आरोपी पति रचिन, सास कर्वेश, जेठ आकाश, ननद सीमा, रचिन की मौसी गुड्डो ने उसके साथ मारपीट की। उसे कमरे में बंद कर जबरन जहर खिलाकर हत्या कर दी। सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।