मुरादाबाद। निर्यात फर्म डिजाइनको में कर्मचारी की मौत के बाद हुए बवाल के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। फर्म के सुरक्षा अधिकारी की तहरीर पर 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ बवाल, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। उधर, गुरुवार दोपहर बाद आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि कर्मचारी की मौत हार्ट अटैक से हुई थी।
बिलारी थाना क्षेत्र के गांव करवर निवासी कृपाल सिंह (30) लाकड़ी बाईपास स्थित निर्यात फर्म डिजाइनको में काम करता था। बुधवार को भी वह काम करने फैक्टरी आया था। बुधवार शाम करीब चार कृपाल काम करते - करते अचानक चक्कर आकर गिरा और उसकी मौत हो गई थी। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि कृपाल की मौत हार्ट अटैक से हुई थी। इंस्पेक्टर मझोला ने बताया कि कर्मचारी की मौत के बाद फैक्टरी में हंगामा किया था। इस मामले में फैक्टरी के सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार की ओर से 70 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। जिसमें बताया किया गया कि कर्मचारी के परिजन और उसके गांव के प्रधान फैक्टरी कार्यालय में बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कंपनी में से काम करके लौट रही भीड़ ने हमला बोल दिया। ईंट पत्थरों से गेट को निशाना बनाया गया है। इंस्पेक्टर ने बताया अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, जान से मारने की धमकी, तोड़फोड़ करने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।