मैनाठेर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न में विवाहिता की शिकायत पर पति समेत आठ ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मैनाठेर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मिलक नवाब वाली निवासी विवाहिता चमन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी 18 माह पूर्व सोनकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा निवासी अनुज के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल वालों ने कम दहेज लाने के ताने देकर उत्पीड़न करने लगे। विरोध करने पर उसके साथ गाली गलौज के साथ मारपीट भी की जाती थी। छह माह पहले उसको बंधक बनाकर दहेज की मांग की गई थी। इसी बीच गला दबा दिया था, शोर होने पर आसपास के लोग आ गए जिन्होंने पीड़िता को बंधन मुक्त कराया। इसके बाद ससुराल वालों ने छह माह की बच्ची के साथ विवाहिता को घर से निकाल दिया और घर लौटने पर जान से मारने की धमकी दी थी। तब वह अपने मायके में रहने को मजबूर है। वहीं मैनाठेर पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत आठ ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।