कांठ (मुरादाबाद)। छजलैट में मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग पर तेज रफ्तार कार साइकिल सवार अनुज कुमार को टक्कर मार कर खाई में उतर गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल का इलाज कराया गया है।
छजलैट थाना क्षेत्र के गांव भीकनपुर निवासी अनुज कुमार गांव के एक पेट्रोल पंप पर काम करते हैं। रविवार की दोपहर वह साइकिल से अपने गांव जा रहे थे, तभी कार ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद भी कार रुक नहीं पाई और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में उतर गई। अनुज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने घायल को इलाज के लिए छजलैट के एक निजी क्लीनिक तक पहुंचाया। बाद में सूचना पाकर परिजन भी आ गए। छजलैट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी ली। कार सवार हरदोई के परिवार को कोई चोट नहीं आई, जबकि उनका कार क्षतिग्रस्त हो गई। साइकिल सवार के पिता ने थाने में कार्रवाई केे लिए तहरीर दी है।