मुरादबाद। बुद्धि विहार में बुधवार शाम सत्संग से लौट रही 83 साल की महिला से कुंडल लूटने वाले बदमाशों की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कैद हो गई हैं। जिसके जरिए पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
बुद्धि विहार निवासी राम बाबू गुप्ता की मां खूबसूरत देवी(83) बुधवार शाम ऋणमुक्तेश्वर मंदिर में सत्संग में गई थीं। शाम करीब सवा छह बजे मां मंदिर से घर लौट रही थीं। घर के पास ही बाइक सवार दो बदमाश आ गए थे। बदमाश कुंडल लूटकर भाग गए थे। सामने आई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पता चला है कि बाइक पीछे बैठा बदमाश बाइक से उतर गया था जबकि उसका साथी बाइक स्टार्ट करके कुछ दूरी पर खड़ा हो गया था। इसी दौरान बदमाश ने महिला के दोनों कुंडल खींच लिए और बाइक पर बैठकर भाग गया था। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए बदमाशों की तलाश की जा रही है।